|| क्यों मनाते हैं “ओणम” ||
Posted by:
Sumantbc
2013-09-16 12:22:16
1156 Views
ओणम केरल का अहम त्यौहार है. यह पूरे केरल में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है और सिर्फ केरल ही नहीं यह त्यौहार भारत के हर कोने में मनाया जाता है. दस दिनों तक चलने वाले ओणम त्यौहार में फूलों के मनमोहक रंग और खूशबू से वातावरण सुगंधित और रंगीन हो जाता है.
ओणम का त्योंहार मनाने के पीछे एक कहानी मानी जाती हैं, यह कहानी भगवान विष्णु और उनके वामन अवतार से जुड़ी है. प्राचीन कथाओं के अनुसार केरल में एक महाप्रतापी राक्षस राजा बलि था. वह विष्णु भगवान के परम भक्त प्रह्लाद का पौत्र था. बलि उदार शासक और महापराक्रमी था लेकिन राक्षसी प्रवृत्ति के कारण बलि ने देवताओं के राज्य को बलपूर्वक छीन लिया था. राजा बलि ने देवताओं को कष्ट में डाल दिया. जब बलि से देवतागण बुरी तरह परेशान हो गए तब सभी देवतागण भगवान विष्णु से सहायता करने का आग्रह किया.
देवताओं की प्रार्थना सुनकर भगवान श्री विष्णु ने वामन अवतार लिया और महर्षि कश्यप व उनकी पत्नी अदिति के घर जन्म लिया. एक दिन वामन बलि की सभा में पहुंचे. महा बलि ने श्रद्धा से वामन जी का स्वागत किया और जो चाहे मांगने को कहा.
वामन ने राजा से दान में तीन पग भूमि मांग ली. उदार महा बलि ने यह स्वीकार कर लिया. किन्तु जैसे ही महाबलि ने यह भेंट श्री वामन को दी, वामन का आकार एकाएक बढ़ता ही चला गया. वामन ने तब एक कदम से पूरी पृथ्वी को नाप लिया तथा दूसरे कदम से आकाश को, तब तीसरे कदम के लिये कोई स्थान नहीं बचा तो राजा बलि ने अपना सिर झुका दिया. वामन भगवान ने पैर रखकर राजा को पाताल भेज दिया. लेकिन राजा बलि की वचनवदॄता को देखकर भगवान विष्णु राजा बलि से अति प्रसन्न हुए तथा बलि की प्रजा भी उनसे बहुत स्नेह रखती थी, इसीलिए श्रीविष्णु ने बलि को वरदान दिया कि वह अपनी प्रजा को वर्ष में एक बार अवश्य मिल सकता हैं. अतः जिस दिन महा बलि केरल आते हैं, वही दिन ओणम के रूप में मनाया जाता है. इस त्यौहार को केरल के सभी धर्मों के लोग मनाते हैं
Tags:-
Onam, Bhakti, Lord Vishnu, King Bali, Kerala festival Onam, Vaman Dev, Vaman avatar, ओणम, वामन अवतार, राक्षस बलि